नवीन प्राथमिकी स्वास्थ्य केंद्र परिसर में भरा पानी। संवाद
- फोटो : संवाद
निजामाबाद तहसील मुख्यालय की बाउंड्रीवाल से सटकर बने नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का पूरा परिसर जलभराव की चपेट में है।
जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कई दिनों से जमा पानी अब दुर्गंध देने लगा है। इससे स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों के साथ ही कर्मचारियों को भी परेशानी हो रही है।
करीब 10 कर्मचारियों वाले इस स्वास्थ्य केंद्र का परिसर बारिश के पानी से घिरा हुआ है। जमा गंदे पानी में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। मरीज संजय, प्रभाकर, मुकेश, राजेश सिंह और नंदू आदि ने बताया कि मच्छरों के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
उनका कहना है कि जिस स्वास्थ्य केंद्र में लोगों को बीमारियों से बचाव और उपचार मिलना चाहिए, वहीं जलभराव और गंदगी के कारण बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
परिसर की बाउंड्रीवाल का भी अभाव है, जिससे सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था के साथ ही परिसर की बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाना जरूरी है।
00
उन्हें यहां आए अभी 10 दिन ही हुए हैं। साफ-सफाई और जलभराव की समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था में सुधार लाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। - धर्मेंद्र कुमार, चिकित्सा अधिकारी, नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र