भरथीपुर स्थित आजाद महाविद्यालय में मंचासीन बसपा प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर, सांसद संगीता आजाद और ?
- फोटो : AZAMGARH
पल्हना। लालगंज विधानसभा के आजाद महाविद्यालय परिसर में रविवार को आयोजित बसपा के भाईचारा कैडर कैंप में प्रदेश अध्यक्ष भीम राभर ने पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर निशाना साधा। कहा कि कुछ लोग समाज के लोगों को बरगला अपना हित साध रहे हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। समाज के लोगों को सम्मान बसपा में ही मिला है।
कहा कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की ओर से बनाए गए संविधान में हम लोगों को वोट देने का अधिकार प्राप्त है। इसके कारण हम लोग समाज में अपनी पहचान बना पा रहे हैं । बहन मायावती ने हमारे समाज को सबसे ज्यादा सम्मान दिया। हमारे समाज को सैकड़ों लोगों को जिलाध्यक्ष, सांसद, विधायक, चेयरमैन आदि पदों पर बिठाया। सुखदेव राजभर को विधानसभा की सर्वोच्च कुर्सी पर बिठाया। आप सभी लोग बसपा में रहकर वर्ष 2022 में पुन: बहन मायावती को पांचवीं बार प्रदेश की मुख्यमंत्री बनाएं। भासपा नेता ओमप्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए कहा कि कहा कि हमारे ही समाज के कुछ नेता लोग समाज को गुमराह करके कभी इस पार्टी में कभी उस पार्टी का समर्थन कर विधायक या मंत्री भी बने लेकिन समाज के लिए कुछ भी न किया। समाज के लोगों को बरगलाने का काम किया।
विधायक आजाद अरिमर्दन ने कहा केंद्र एवं प्रदेश की सरकार बाबा साहब का नाम तो लेती है लेकिन उसके अनुकूल कोई कार्य नहीं करती है। यह दोनों सरकारें किसान और समाज विरोधी हैं। कई दिनों से किसान परेशान हैं और अपनी मांग पर दिल्ली के बॉर्डर पर डटे हुए हैं, लेकिन सरकार जरा भी ध्यान नहीं दे रही है। खाद और बीज महंगा हो गया है। नहरों में समय से पानी नहीं आ रहा है। गरीब किसान अपनी बुआई कैसे करे? क्योंकि उसके पास महंगा सामान खरीदने के लिए पैसे नहीं है। कार्यक्रम का संचालन राजाराम ने किया। इस मौके पर हरीश चंद्र गौतम मुख्य सेक्टर प्रभारी, अरविंद कुमार, सुनील कुमार, डॉ. अजय कुमार, गणपत, लालू प्रसाद राजभर, संजय राजभर, विनोद चौहान, पतिराम, मीरा आजाद, डॉ. गीता, रामा राजभर, निठुरी राजभर, सुरेंद्र राजभर, त्रिलोकी राजभर, इंद्रजीत वकील उपस्थित रहे