आजमगढ़। एसडीएम सदर के आते ही कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई तेज हो गई। बुधवार को जहां एसडीएम ने नियमों का उल्लंघन करने पर दो अस्पतालों को सील किया। वहीं गुरुवार को उनके द्वारा 15 दवा की दुकानों पर जुर्माना लगाया गया और बिना मास्क के बाजार घूमते 218 लोगों का चालान काटकर 35218 रुपये वसूल किए गए।
कोरोना महामारी के दौरान घोषित लाक डाउन के बाद अनलाक की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सरकार ने दुकानदारों को शर्तों के साथ दुकान खोलने की इजाजत दी है। वहीं आम जनमानस को मास्क लगाना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य कर दिया है। लेकिन अनलाक के नियमों की अवहेलना करना जैसे लोग अपना जन्म सिद्घ अधिकार समझने लगे थे। लेकिन एसडीएम सदर का कार्यभार ग्रहण करते ही कोविड-19 का अनुपालन कराने में जुट गए हैं। बुधवार को आराजीबाग स्थित डा. जावेद अख्तर और हर्रा की चुंगी स्थित डा. जुबैर के यहां कोरोना प्रोटोकाल का उल्लंघन होता मिलने पर उन्होंने दोनों अस्पतालों का सील कर दिया। वहीं गुरुवार को नगर के दवा की दुकानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान 15 दुकानों पर नियमों का उल्लंघन होता मिलने पर सभी पर जुर्माना लगाया और आगे ऐसा न करने की चेतावनी दी। इस दौरान बहुत से लोग बिना मास्क के ही सड़कों पर घूमते मिले। उन्होंने इस दौरान 218 लोगों का चालान कटवाकर 35218 रुपये भी वसूले। एसडीएम सदर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरव ने कहा कि कोविड-19 के प्रोटोकाल के अनुसार ही सभी को दुकान पर सारी व्यवस्था करके ही दुकान को संचालित करने की इजाजत दी जाएगी। अगर कोई नियमों का उल्लंघन करता है उसके खिलाफ हमारी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील किया कि वह सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और जब भी बाहर निकलें मास्क जरूर लगाएं। समय-समय पर हाथ को साफ करते रहें। बिना मास्क के घूमते पकड़े जाने पर जुर्माना लगाया जाएगा।