बकाया मानदेय के भुगतान को लेकर बुधवार को रोजगार सेवक संघ ने ब्लाक गेट पर ताला बंद कर धरना दिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे वृहद आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। देर शाम पांच बजे तक किसी बीडीओ के वहां न पहुंचने पर रोजगार सेवक ब्लाक में उपस्थित कर्मचारी को ज्ञापन सौंप लौट गए।
चार माह से बकाया मानदेय के भुगतान को लेकर गुस्साए रोजगार सेवक बुधवार की सुबह दस बजे से अहरौला ब्लाक पहुंचे और गेट पर तालाबंद कर धरने पर बैठ गए । इस पर दफ्तर में मौजूद कर्मचारी कार्यालय छोड़ चले गए। संघ के जिलाध्यक्ष सच्चेलाल यादव ने कहा कि रोजगार सेवकों का मानदेय कई महीनों से लंबित है। इसके लिए ब्लाक के अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई गई। लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो रही है।
चार माह से मानदेय न मिलने से रोजगार सेवकों का परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच हैं। खंड विकास अधिकारी बार-बार आश्वासन दे रहे हैं। अगर जल्द मानदेय का भुगतान नहीं हुआ तो रोजगार सेवक जिलाधिकारी कार्यालय पर विरोध-प्रदर्शन करेंगे। उधर शाम पांच बजे तक खंड विकास अधिकारी के ब्लाक पर न आने पर रोजगार सेवकों ने ब्लाक में मौजूद कर्मचारी को ज्ञापन सौंप धरना समाप्त कर दिया।
धरने में शैलेंद्र प्रताप सिंह, इंदल यादव, त्रिलोकीनाथ, रामविनय, राजकुमार, सीमा उपाध्याय, नीतू सिंह, आराधना बरनवाल, सरिता देवी, प्रियंका सिंह, सुमन कुमारी, विद्यावती आदि रोजगार सेवक मौजूद रहे।