मऊ जिले के खुरहट रेलवे स्टेशन से दो किमी दूर मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर स्कूल वैन और ट्रेन की टक्कर में मारे गए बच्चों को श्रद्धांजलि देने के लिए शुक्रवार को भी जिले में जगह-जगह शोकसभा की गई।
लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर मृत बच्चों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही लोगों ने मानवरहित रेलवे क्रासिंग पर फाटक लगाने की मांग की।
दी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के तत्वावधान में सभा के मीटिंग हाल में शोकसभा का आयोजन किया गया। वकीलों ने मृत बच्चों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इसी क्रम में पूर्व जस्टिस कृष्णा अय्यर के निधन पर दुख व्यक्त किया गया। बाद में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर पूरे दिन न्यायिक कार्यों से विरत रहने का निर्णय लिया गया।
संचालन संघ के मंत्री अरविंद कुमार पाठक एडवोकेट ने किया। दूसरी तरफ, सेट्रल बार एसोसिएशन मंडल आजमगढ़ के साधारण सभा की बैठक एसोसिएशन के सभागार में अध्यक्ष राजदेव सिंह की अध्यक्षता में हुई।
इसमें वकीलों ने ट्रेन की चपेट में आकर मरे बच्चों और पूर्व जस्टिस कृष्णा अय्यर के निधन पर दुख व्यक्त किया। शोक स्वरूप वकील पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहे। संचालन मंत्री अनिल कुमार सिंह ने किया।
उधर, मालटारी क्षेत्र के पकवाइनार बाजार में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री ओम प्रकाश राय की अध्यक्षता में शोकसभा हुई। इस पर उपस्थित लोगों ने मृतक बच्चों को श्रद्धांजलि दी।
कुंवर सिंह उद्यान में उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ ने शोक सभाकर मऊ में ट्रेन दुर्घटना में मारे गए बच्चाें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर तपेश्वरी पांडेय, सुबाष पांडेय, रमेश सिंह, जयप्रकाश यादव, आदि उपस्थित थे।