चक्रपानपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज एंड सुपर फैसिलिटी हॉस्पिटल, चक्रपानपुर में रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) का गठन कर दिया गया है। इस समिति के माध्यम से अब मरीजों से ली गई फीस और सरकारी शुल्क को सीधे अस्पताल की सुविधाओं, बुनियादी ढांचे और सेवाओं के उन्नयन में खर्च किया जाएगा। यह निर्णय उत्तर प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत लिया गया है।
समिति की अध्यक्षता मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. वीरेंद्र कुमार राव करेंगे जबकि मुख्य विकास अधिकारी और वित्त नियंत्रक की भूमिका भी कॉलेज प्रशासन ही निभाएगा। डीएम ने समिति में आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. डीपी राय और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुभाष सिंह को नामित किया है।
डॉ. वीके राव ने बताया कि अब अस्पताल को विकास कार्यों के लिए केवल सरकारी फंड का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मरीजों से प्राप्त शुल्क का उपयोग आधुनिक उपकरणों की खरीद, आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने, वार्ड विस्तार और डायग्नोस्टिक सुविधाओं के उन्नयन जैसे कार्यों में किया जाएगा। इससे न केवल चिकित्सा सेवाओं में सुधार होगा, बल्कि पारदर्शिता भी सुनिश्चित की जा सकेगी।