सगड़ी के मिर्जापुर गांव के पास लगी पटेल जी की मूर्ति के पिलर पर अनियंत्रित ट्रैक्टर ने मारा धक्का
- फोटो : AZAMGARH
सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में स्थित सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा में बुधवार की शाम अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई। पिलर और छत भी ढह गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा लेकिन लोगों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। चालक नाबालिग है। वह नशे में धुत होकर ट्रैक्टर चला रहा था। घटना से लोग आक्रोशित हैं और दोषी के खिलाफ कार्रवाई और नुकसान की भरपाई करने की मांग की है।
जीयनपुर-बिलरियागंज मार्ग पर मिर्जापुर गांव स्थित है। इसी गांव में विद्युत उपकेंद्र के सामने लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा है। प्रतिमा को बचाने के लिए पीलर खड़ाकर छत लगाया गया था। यह स्थान आस्था का केंद्र है। बुधवार को एक ट्रैक्टर ट्राली लेकर नाबालिग जा रहा था। वह नशे में धुत था। इस दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सरदार जी की प्रतिमा, पिलर और छत को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वो ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाल जीयनपुर गजानंद चौबे ने बताया कि दोनों पक्ष के लोग आपस में बातचीत कर रहे हैं। जो भी तहरीर मिलेगी। उसके तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।