आजमगढ़। दिल्ली के लिए ट्रेन चलाने की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने 27 सितंबर से कैफियात एक्सप्रेस ट्रेन को चलाने के लिए हरी झंडी दे दी है। ट्रेन 27 सितंबर को दिल्ली जंक्शन से आजमगढ़ के लिए आएगी। इसके बाद 28 सितंबर से आजमगढ़ से रवाना होगी। ट्रेन चलने की सूचना पर रेलवे के आरक्षण काउंटर पर टिकट लेने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। खिड़की खुलने के बाद पता चला कि अभी टिकट बुकिंग शुरू नहीं हुई है। जिससे लाइन में लगे लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
लॉकडाउन होने पर आजमगढ़ से होकर जाने वाली सभी ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बंद हो गया था। अनलॉक होने पर रेलवे ने ताप्ती गंगा एक्सप्रेस, साबरमती एक्सप्रेस, गोदान एक्सप्रेस व सरयु-यमुना एक्सप्रेस का संचालन शुरू कराया। इन ट्रेनों के चलने से यात्रियों को काफी राहत मिली और रेलवे की व्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी। बृहस्पतिवार को रेलवे के अधिकारियों द्वारा कैफियात एक्सप्रेस को स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाने की सूचना जारी की। सूचना जारी होने पर शुक्रवार को लोग पूरा दिन आरक्षण काउंटर पर टिकट बुकिंग को लेकर पूछताछ करते रहे। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर कैफियात एक्सप्रेस की बुकिंग नहीं शो कर रहा था। कैफियात का टिकट बुक न होने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई।