पवई के मित्तूपुर बाजार में हुई घटना से मचा हुआ है कोहराम
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के के मित्तूपुर बाजार में हुए जहरीली शराब कांड में मौत का सिलसिला अभी जारी है। मंगलवार की रात से बुधवार की सुबह तक एक-एक कर पांच लोगों ने दम तोड़ दिया। अब तक कुल 22 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं आधा दर्जन से अधिक लोग विभिन्न अस्पतालों में अपना इलाज करा रहे है। दो की हालत काफी गंभीर बतायी जा रही है।
मित्तूपुर पुलिस चौकी के पास ही एक अवैध शराब कारोबारी द्वारा कोरोना कर्फ्यू के दौरान अवैध शराब की बिक्री की जा रही थी। शराब की बिक्री पुलिस की शह पर हो रही थी। शराब की दुकानों के बंद रहने के चलते लोग इस अवैध कारोबारी से शराब खरीद कर पी भी रहे थे। जिसे पीने से रविवार की शाम से लोगों के बीमार पड़ने और सोमवार से मरने का जो सिलसिला शुरू हुआ वह बुधवार को भी नहीं रूका।
मंगलवर की रात से बुधवार की सुबह तक पांच और लोगों ने दम तोड़ दिया। मरने वालों में मित्तूपुर निवासी 28 वर्षीय पप्पू खटिक पुत्र सीताराम खटिक ने बुधवार की सुबह दम तोड़ दिया। वहीं रामपुर मित्तूपुर निवासी 45 वर्षीय राम प्यारे पुत्र प्रभु की भी बुधवार की सुबह ही मौत हो गई। इसके अलावा राम प्रवेश तिवारी पुत्र इंद्रबली निवासी मोहिद्दीनपुर ने मंगलवार की देर रात घर पर ही दम तोड़ दिया।