तहसील परिसर में सोमवार की दोपहर ऑनलाइन खतौनी निकालने के लिए शुल्क जमा करने के लिए विवाद हो गया। चकबुढान गांव निवासी सर्वेश कुमार ने आउटसोर्सिंग कर्मचारी पर ज्यादा रुपये मांगने और विरोध करने पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया।
पीड़ित ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही एसडीएम को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। चकबुढान गांव निवासी सर्वेश कुमार सोमवार को अपने खेत की ऑनलाइन खतौनी निकलवाने तहसील पहुंचे थे।
विज्ञापन
उनका आरोप है कि आउटसोर्सिंग कर्मचारी ने आठ खतौनियों के लिए 160 रुपये मांगा। सर्वेश के अनुसार, निर्धारित शुल्क 120 रुपये था। ज्यादा पैसे मांगने का विरोध करने पर उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो बनाने की बात के लिए दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आउटसोर्सिंग कर्मचारी ने सर्वेश कुमार को थप्पड़ मार दिया।
एसडीएम चंद्रप्रकाश सिंह ने मामले काे संज्ञान में लेते हुए आउटसोर्सिंग कर्मचारी से पूछताछ की। कर्मचारी को चेतावनी दी। दोनों पक्षों को नायब तहसीलदार के पास भेजकर मामला शांत करा दिया गया। संवाद