पुलिस द्वारा दुकान बंद कराने के विरोध में माहुल में व्यापारियों ने घेरा पुलिस चौकी।
- फोटो : AZAMGARH
अंबारी। माहुल नगर में जिलाधिकारी के एक पटरी की दुकान खोलने के आदेश के बावजूद भी व्यापारियों की ओर से दोनों पटरियों की दुकानें खोल ली गईं। बंद कराने पहुंची पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा। पहले तो व्यापारियों ने दुकान बंद करने से मना कर दिया। पुलिस ने जब सख्ती दिखाई तो आक्रोशित व्यापारी सैकड़ों की संख्या में इकट्ठा होकर पुलिस चौकी पहुंच गए। दुकान खुलवाने की मांग करने लगे। भारी संख्या में व्यापारियों के चौकी पर पहुंचने की सूचना पर भाजपा जिलामंत्री दिलीप सिंह और चेयरमैन माहुल वदरे आलम ने चौकी इंचार्ज शैलेश यादव सहित एसडीएम प्रशासन नरेद्र सिंह से वार्ता की। व्यापारियों को समझा-बुझाकर चौकी से वापस कराया।
प्रदेश सरकारी की गाइड लाइन में सप्ताह में दो दिन शनिवार और रविवार को व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी राजेश कुमार की ओर से पूर्व में जारी आदेश के तहत पटरीवार दुकानें खोली जा रही थी। रविवार को साप्ताहिक बंदी रहती थी। प्रदेश सरकार के आदेश के बाद सभी दुकानदारों ने अपनी दुकानें सुबह आठ बजे ही खोल दीं। जैसे ही इसकी सूचना माहुल चौकी पुलिस को हुई दुकान बंद कराने बाजार में पहुंच गए। दुकानदार बंदी का विरोध करने लगे। आक्रोशित होकर सैकड़ों की संख्या में चौकी पर पहुंचकर चौकी प्रभारी शैलेश यादव से दुकान न बंद कराने की मांग करने लगे। व्यापारियों का कहना था की किसी की दुकान सप्ताह में तीन दिन और किसी की दो दिन खोलने का आदेश हमारे साथ अन्याय है। मिष्ठान कारोबारी अलग ही अपनी व्यथा सुना रहे थे। भीड़ की सूचना भाजपा जिलामंत्री दिलीप सिंह और चेयरमैन बदरे आलम भी पहुंच गए। अपर जिलाधिकारी नरेन्द्र सिंह से वार्ता की। उन्होंने बताया की आजमगढ़ जिलाधिकारी के नियम ही प्रभावी हैं। इसके बाद व्यापारियों को समझाया। कहा कि जब तक जिलाधिकारी नया आदेश जारी नहीं करते तब तक पटरियों के हिसाब से दुकानें खुलेगी। इस मौके पर हरिकेश गुप्ता, बेद प्रकाश गुप्ता, राहुल प्रजापति, मोहन मोदनवाल, सुरेश बघेल, विक्की अग्रहरि, संजय मोदनवाल, गुलफ़ाम आदि व्यापारी रहे।
खुली दुकानों को बंद कराने पहुंची एसडीएम
मेंहनगर।नगर पंचायत में कुछ दुकानदार पटरीवार नियम को तोड़ दोनों पटरी पर दुकानें खोल लीं। वहीं कुछ लोग नगर में बनाए गए कंटेंनमेंट से भी अंदर बाहर आ रहे थे। एसडीएम प्रियंका प्रियदर्शी ने एसओ दुजेंद्र कुमार सिंह को निर्देशित किया कि निर्देशों का कड़ाई से पालन कराएं। मेन रोड की लगभग सभी दुकानें खुली पाई गईं। एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए खुली सभी दुकानों को बंद करवाया। हिदायत दी कि शासन के दिशा निर्देशों का पालन करें, अन्यथा दुकान सील कर दिया जाएगा।