आजमगढ़। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में मंगलवार को मंडलायुक्त सभागार में संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें मंडलायुक्त ने मंडल के जनपदों में अवैध वाहनों के संचालन पर सख्ती से रोक लगाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि प्राय: बिना नम्बर प्लेट की गाडि़यां भी सड़कों पर संचालित पाई जाती हैं और हाई सिक्योरिट नंबर प्लेट भी बहुत कम वाहनों पर लगे हैं, यह स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने अभियान चलाकर इस प्रकार के वाहन के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा जनपद आजमगढ़ में दो एवं बलिया में एक सीएनजी किट लगाने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिस पर मंडलायुक्त ने कहा कि पहले सुरक्षा के सभी मानकों को पूरा होने, सभी संयंत्र उपलब्ध होने, संबंधित को दक्ष एवं प्रशिक्षित होने आदि सभी बिंदुओं की जांच कर लें, इसके बाद पूर्ण विवरण के साथ प्रस्ताव उपलब्ध कराएं। जनपदों में अवैध रूप से डीजल से चलने वाले अवैध ऑटो रिक्शा पर भी सख्ती से रोक लगाई जाय। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेट्रोल पंपों के माध्यम से तथा जिला पूर्ति अधिकारी से इस संबंध में रिपोर्ट प्राप्त करें। शासन के निर्देशानुसार डीजल चालित किसी ऑटो रिक्श को अब न तो नया परमिट दिया जाना है और न ही परमिट की अवधि बढ़ाई जानी है, इसलिए जिन डीजल चालित ऑटो रिक्शा की परमिट अवधि समाप्त हो चुकी है उसे सख्ती से बंद कराएं। मंडल के जनपदों में भ्रमण के दौरान ओवर लोड गाडि़यां भी संचालित पाई जाती हैं, इस पर सख्ती से अंकुश लगाया जाय। अवैध वाहनों, बिना नंबर प्लेट की गाडि़यों, ओवर लोडिंग आदि के संबंध में जो भी कार्रवाई की जाय, उसका नियमित रूप से विवरण भी उपलब्ध कराया जाय।
डीएम विशाल भारद्वाज ने कहा कि आटो रिक्शा, ई-रिक्शा आदि द्वारा अव्यवस्थित ढंग से सवारियों को बैठाने और उतारने के कारण प्राय: जाम लग जाता है, जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से परेशानी उठानी पड़ती है। इस संबंध में उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद आजमगढ़ को निर्देशित किया कि शहर के अंदर जो भी वाहन स्टैंड बने हैं, वहां तत्काल व्यवस्थाएं सुदृढ़ कराते हुए वाहनों का वहीं से संचालन सुनिश्चित कराएं। इस मौके पर उप परिवहन आयुक्त, वाराणसी जोन अशोक कुमार सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी रामवृक्ष सोनकर व डा. आरएन चौधरी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सत्येन्द्र कुमार सिंह यादव व संतोष कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।