पीएमजेवीके के तहत जिले में बन रहे 66 आंगनबाड़ी भवनों के लिए शासन की तरफ से तीन साल पहले ही स्वीकृत बजट जारी कर दिया गया, लेकिन अभी तक आंगनबाड़ी भवन हैंडओवर नहीं हो पाए हैं। कार्यदायी संस्था यूपीआरएनएसएस ने 37 का निर्माण पूरा करा तो लिया है, लेकिन कई भवनों में अभी तक विद्युत कनेक्शन नहीं हो पाया है।
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत वर्ष 2016-17 में 4.96 करोड़ की लागत से जिले में 66 आंगनबाड़ी भवन बनाने की शासन से स्वीकृति मिली थी। इसमें 29 आंगनबाड़ी भवन सठियांव और 37 आंगनबाड़ी भवन मिर्जापुर ब्लॉक के विभिन्न गांवों में बनाने थे।
भवनों के निर्माण के लिए शासन ने दिसंबर 2017 में प्रथम किस्त 82.72 लाख रुपये जारी कर दी। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड (यूपीआरएनएसएस) ने काम भी शुरू कर दिया।
नवंबर 2023 तक शासन की तरफ से स्वीकृत सभी बजट जारी कर दिए गए। यानी पूरा बजट मिले तीन साल हो चुके हैं, लेकिन कार्यदायी संस्था 66 में से मिर्जापुर में 18 और सठियांव ब्लॉक में 19 आंगनबाड़ी भवन ही बना पाई। इसमें भी बिजली कनेक्शन का काम अधूरा होने के कारण भवन बाल विकास विभाग को हैंडओवर नहीं हो सके हैं।
00
शासन से कब-कब मिला बजट-
दिसंबर 2017 में 82.72 लाख।
मई 2020 में 1.32 करोड़।
जनवरी 2023 में 33.09 लाख।
जुलाई 2023 में 99.24 लाख।
नवंबर 2023 में 1.48 करोड़।
00 वर्जन
37 आंगनबाड़ी भवन बनकर तैयार हो चुके हैं। 20-25 में बिजली कनेक्शन भी हो चुके हैं। इसमें से 12 आंगनबाड़ी भवन हैंडओवर होने वाले हैं। अन्य को भी जल्द ही हैंडओवर कर दिया जाएगा। बाकी के बचे आंगनबाड़ी भवनों के लिए जैसा शासन का निर्देश होगा, वैसा किया जाएगा। - महेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता, यूपीआरएनएसएस
00
जो आंगनबाड़ी भवन हैंडओवर के लिए आए थे, उनमें बिजली और पानी की व्यवस्था नहीं थी। अब वायरिंग और कनेक्शन हो रहे हैं। 12 आंगनबाड़ी भवन हैंडओवर होने वाले हैं। -हेमंत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी।