आजमगढ़। बीते 20 दिन में प्याज के दाम में 20 रुपये प्रतिकिलो की बढ़ोतरी हुई है। पहले प्याज की कीमत 20 रुपये प्रतिकिलो थी। जो अब 40 रुपये प्रतिकिलो बिक रही है। वहीं, अदरक का भाव भी 200 रुपये प्रतिकिलो तक पहुंच गया है। लहसुन, शिमला मिर्च के अलावा हरी सब्जियों की कीमतों में भी वृद्धि हुई है। जब से बारिश शुरू हुई है तब से टमाटर, भिंडी, बैंगन, लौकी और सूरन सहित सभी हरी सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। इस कारण रसोई का बजट बिगड़ गया है। व्यापारी सीमित आवक होने की बात बता रहे हैं।
प्याज की आवक कम होने से कीमतों में तेजी आई है। बरसात के कारण परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। इस कारण मंजी में पर्याप्त मात्रा में प्याज नहीं पहुंच पा रही है। दूसरी ओर, नमी के कारण प्याज तेजी से सड़ रही है। इससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। जब तक मौसम सामान्य नहीं होता और आवक नहीं बढ़ती, तब तक प्याज के दामों में राहत मिलने की संभावना कम है।
- दयाल मौर्य, व्यापारी बेलइसा मंडी
पहले नासिक से प्रतिदिन सात से आठ ट्रक प्याज मंडी में आती थी। बारिश के कारण अब इसकी संख्या घटकर तीन से चार ट्रक हो गई है। बरसात के दौरान प्याज की गुणवत्ता प्रभावित होने और सड़न बढ़ने से आपूर्ति पर असर पड़ा है। मौसम सामान्य होने तक प्याज के भाव इसी तरह बढ़ते रहेंगे। - सभानंद तिवारी, मंडी सचिव
सब्जी पहले- अब दाम
शिमला मिर्च 80 120
हरा मिर्च 60 80
अदरक 180 200
भिंडी 30 40
बोड़ा 60 100
बैगन 40 60
सूरन 60 80
सरपूतिया 40 60