बलरामपुर। जिले में मौसम के लगातार बदलते मिजाज ने लोगों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। दिन में तेज उमस और रात में तापमान गिरने से सर्दी, जुकाम और बुखार जैसे मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों रोजाना 90 से 100 मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें से 30 से 35 मरीज मौसम जनित बीमारियों से ग्रसित पाए जा रहे हैं।
इन दिनों जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह के समय गर्मी और उमस लोगों को बेहाल कर रही है। वहीं शाम ढलते ही बारिश या ठंडी हवा से वातावरण में अचानक बदलाव हो रहा है। ऐसे में शरीर के तापमान के अनुकूल वातावरण नहीं मिल पाने के कारण लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता पर असर पड़ रहा है।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आरके कुशवाहा ने बताया कि ओपीडी में इस समय रोजाना 90 से अधिक मरीज आ रहे हैं। इनमें से करीब 30 से 35 मरीज सर्दी, खांसी, बुखार और जुकाम से पीड़ित हैं, जो मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव का नतीजा है।