आजमगढ़। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शारदा सहायक खंड नहर के पास सोमवार को दो शव बरामद किए गए। एक शव दीदारगंज थाना अंतर्गत खंड 23 नहर के किनारे बोरे में पड़ा हुआ था तो दूसरा रौनापार थाना क्षेत्र में आजमगढ़-दोहरीघाट मार्ग पर स्थित खंड 32 नहर के पास पड़ा हुआ था। दोनों में से किसी भी शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने दोनों को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
मार्टीनगंज संवाददाता के अनुसार दीदारगंज थाना क्षेत्र के सुहरन गांव के पास शारदा सहायक खंड 23 नहर के किनारे सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने एक बोरे में बांध कर फेकी हुई लाश देखी। ग्रामीणों की सूचना पर दीदारगंज व सरायमीर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घंटों दोनों थाना पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। बाद में घटना स्थल दीदारगंज थाना क्षेत्र में होना निश्चित होने पर दीदारगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कवायद शुरू किया। काफी प्रयास के बाद भी शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। लाश देखने के लिए मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई थी। वहीं लाटघाट संवाददाता के अनुसार आजमगढ़-दोहरीघाट मार्ग पर शारदा सहायक खंड 32 नहर के किनारे सोमवार की सुबह राहगीरों ने एक लगभग 65 वर्षीय वृद्ध का शव देखा। वृद्ध नीले रंग की बंडी पहना था और पैर में चोट के निशान थे। राहगीरों की सूचना पर महुला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान का प्रयास किया। शिनाख्त न होने पर शव पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया।