मनरेगा से बनाया गया रिंग बांध पुन: कट रहा।
- फोटो : AZAMGARH
लाटघाट। सगड़ी तहसील के देवरांचल से होकर गुजरने वाली घाघरा जहां गांगेपुर रिंग बांध को काट चुकी है। वही अब उसके निशाने पर गांगेपुर परसिया रिंग बांध आ गया है। नदी तेजी से इस रिंग बांध को भी काटती जा रही है। डीएम राजेश कुमार के निर्देश पर मनरेगा से घाघरा की धारा को मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन यह प्रयास सफल होता नहीं दिखता।
सगड़ी तहसील क्षेत्र के महुला गढ़वल बांध के उत्तर गांगेपुर परिसया रिंग बांध पर कटान जोरों से हो रही है। घाघरा नदी के कटान से गांव के उत्तर गांगेपुर रिंग बांध 200 मीटर तक लंबा कट चुका है। तो वहीं गांगेपुर का दूसरा रिंग बांध जो मनरेगा से 2018-19 में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। जिसकी लंबाई ढाई किमी है वह भी कटना शुरू हो गया है। गांगेपुर का एक रिंग बांध पहले ही कट चुका है। वहीं अब दूसरे पर भी कटान का खतरा मंड़राने लगा है। वहां पर बल्ली कटर का काम शुरू हुआ पर उसका असर नदी में नहीं दिख रहा है। विकास खंड द्वारा दो स्थानों पर ठोकर का निर्माण कराया जा रहा है। पर उसका कोई असर दिख नहीं रहा है। अगर जल्द ही दूसरे रिंग बांध में हो रही कटान को रोका नहीं गया तो इसे से कटने से रोका नहीं जा सकेगा। वर्क इंचार्ज कमला सिंह, ब्लॉक जेई राम सिंह, रोशन लाल, रामानुज राय, प्रधान प्रतिनिधि रामनिवास यादव ,श्रीनिवास सिंह मनरेगा मजदूरों के साथ घाघरा की धारा को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। इस बंधे से 800 बीघा से लेकर 900 बीघा तक खेती योग्य भूमि सुरक्षित की गई थी।
गागेपुर परसिया रिंग बांध 300 मीटर लंबा कटा।- फोटो : AZAMGARH
कट रहे रिंग बांध को बनाते मजदूर।- फोटो : AZAMGARH