सठियांव के पाहीं में पीलिया से मौत के बाद परिवार के रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : AZAMGARH
मुबारकपुर। कस्बे में छह माह के अंदर दूसरी बार फैली पीलिया का प्रकोप अभी शांत नहीं हुआ है। गुरुवार को एक और पीलिया पीड़ित की वाराणसी के बीएचयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। पीलिया से12 वीं मौत से कस्बा के साथ ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
मुबारकपुर कस्बे में पहली बार जनवरी माह में पीलिया का प्रकोप फैला था। तीन माह से अधिक समय तक कस्बा पीलिया की चपेट में रहा। इस दौरान एक गर्भस्थ शिशु के साथ ही 10 लोगों की मौत हुई। छह माह के अंदर 1 जुलाई से पुन: पीलिया का प्रकोप कस्बे में फैला। पहली बार पीलिया के केंद्र में पुरारानी मुहल्ला था तो दूसरी बार अलीनगर मुहल्ले से पीलिया की शुरूआत हुई। 22 जुलाई को पीलिया से अलीनगर मुहल्ला निवासिनी गर्भवती महिला निलोफर की मौत हो चुकी है। बुधवार की शाम सीएचसी पर एक पीलिया रोगी पहुंचा। कस्बा से सटे पाही गांव निवासी जमुना प्रसाद पुत्र बगेदू राम की हालत अत्यंत गंभीर थी। जिस पर सीएचसी प्रशासन ने उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने भी उसकी हालत गंभीर देखी और हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे बीएचयू वाराणसी ले गये जहां इलाज के दौरान गुरुवार को दिन में उसकी मौत हो गई। मृतक दो पुत्र व तीन पुत्रियों का पिता था और मुबारकपुर कस्बे में मजदूरी करता था।
ग्रामीणांचल में भी फैली बीमारी
मुबारकपुर। कस्बे में फैली पीलिया ने अब कस्बे के साथ ही आसपास के ग्रामीण इलाकों में ही पांव पसार लिया है। इसका जीता जागता उदाहरण कस्बे से सटे पाही गांव निवासी जमुना प्रसाद की पीलिया से मौत होनी है। कस्बे के लोगों का कहना है कि जब ग्रामीणांचल में भी पीलिया ने पांव पसार लिया है तो कस्बे को पीलिया से अभी मुक्त समझना बेईमानी होगी।