सरायमीर। स्थानीय थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात पुलिस व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं दूसरा बदमाश मौके से भागने में सफल रहा। दोनों बदमाश लूट की घटना को अंजाम देने के लिए निकले थे और सरायमीर थाना क्षेत्र के पंचायत इंटर कालेज खानपुर के पास मुठभेड़ हुई।
सरायमीर थाना पुलिस शनिवार की रात क्षेत्र भ्रमण पर निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि किसी घटना को अंजाम देने के लिए दो बदमाश पंचायत इंटर कालेज के पास मौजूद है। दोनों किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे है। मुखबिर की इस सूचना पर एसओ सरायमीर शेर सिंह तोमर मय दल बल मौके पर पहुंच गये। पुलिस के पहुंचते ही बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया और भागने लगे। पुलिस भी उनके पीछे लग गई और आत्मरक्षा करते हुए कुछ ही दूरी पर एक बदमाश को पकड़ने में सफल रही। वहीं दूसरा बदमाश मौके से भाग निकलने में सफल रहा। एसओ सरायमीर ने बताया कि दोनों बदमाश लूट की घटना केे अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पकड़ा गये बदमाश ने अपना नाम लौटू मौर्य पुत्र रामाश्रय निवासी नई बाजार थाना सरायमीर बताया। लौटू गैंग नंबर 15 का सरगना है। उसके पास से एक तमंचा, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। वहीं फरार हुए बदमाश का नाम धर्मवीर सोनकर उर्फ नखडू़ निवासी पूनापोखर थाना सरायमीर है। पकड़े गये बदमाश का चालान कर दिया गया है वहीं फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है।