रेलवे के ई-टिकट की कालाबाजारी करने के मामले में आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) व सीआईबी वाराणसी ने निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां चौक से एक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से रेलवे टिकट, कंप्यूटर व प्रिंटर मिले हैं। आरपीएफ ने रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
रेलवे के ई-टिकटों की कालाबाजारी किए जाने की सूचना पर आरपीएफ इंस्पेक्टर रमेश चंद्र मीणा व सीआईबी वाराणसी अभय कुमार राय ने अपनी टीम के साथ गुरुवार फरिहा चौक पर स्थित एक कंप्यूटर एवं जन सेवा केंद्र पर छापेमारी की। आरपीएफ ने मौके पर जनसेवा केंद्र संचालक संगम चौहान निवासी फैजुल्लापुर थाना गंभीरपुर को दबोच लिया। वह अवैध साफ्टवेयर के माध्यम से ई-टिकट निकालता था। उसके पास से एक मॉनीटर, एक प्रिंटर, एक सीपीयू व कीबोर्ड अन्य संबंधित वायर व कुछ समय पूर्व स्प्रा सॉफ्टवेयर प्रयोग करना बताया गया। पूछताछ में संगम ने बताया कि वह आईआरसीटीसी का एजेंट है। उसके पास से 19 लाइव रेल ई-टिकट जिसकी कीमत 33199 रुपये व 15 पुराना रेल ई-टिकट बरामद किया। जिसकी कीमत 9256 (छह टिकट का मूल्य अपठनीय) मिला। अलग-अलग पर्सनल यूजर आईडी से टिकट बनाकर अधिक पैसे लेकर जरूरतमंदों को टिकट देता था।