आजमगढ़। जहानागंज थाने की पुलिस ने गोधौरा में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को चोरी किए गए सामान और नकदी के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर खंडहर कमरे से सिलेंडर, एल्युमिनियम बर्तन, स्टील बाल्टी एवं अन्य घरेलू सामान भी बरामद किया गया।
जहानागंज थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि गोधौरा गांव निवासी चंद्रदेव राय ने 21 अक्तूबर 2025 को जहानागंज में तहरीर दी थी कि अज्ञात चोरों ने उनके भाई के मकान का ताला, दरवाजे और दीवार तोड़कर घर में रखी सोने की चेन, झुमका, चांदी के तिलक का सामान, सिलेंडर, सिलाई मशीन सहित कई वस्तुएं चोरी कर लीं। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरु कर दी। एक दिसंबर की रात पुलिस टीम अकबेलपुर क्षेत्र में रात्रि गश्त पर थे।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी में शामिल व्यक्ति सोनापुर गांव के पास मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। पकड़ा गया आरोपी पप्पू राय जहानागंज थाना क्षेत्र के गोधौरा का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से 7500 रुपये बरामद किया। आरोपी की निशानदेही पर सोनापुर गांव के एक खंडहरनुमा कमरे में छिपाकर रखा गया चोरी का सामान मिला।