आजमगढ़। अन्य स्थानों की तरह जिले में भी एनआईए की टीम कई जगहों पर छापा मार सकती है। बुधवार से जिले में टीम पहुंची हुई। इस बार भी टीम मुबारकपुर के अलावा निजामाबाद व बिलरियागंज क्षेत्र में दबिश दे सकती है। हालांकि जनपद स्तरीय कोई भी अधिकारी इस मुद्दे पर कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं है।
इससे पहले एनआईए की टीम तीन अगस्त को जिले में पहुंची थी। इस दौरान मुबारकपुर क्षेत्र के तीन युवाओं को उठाया था। इसमें एक युवक सबाउद्दीन को एनआईए ने 10 अगस्त को आतंकी घोषित किया और उसके खिलाफ लखनऊ स्थित एनआईए थाने में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भी भेज दिया।
इसके बाद एनआईए टीम की दूसरी बार दस्तक 10 अगस्त को मुबारकपुर क्षेत्र में हुई। इसके बाद 25 अगस्त को एनआईए की टीम पुन: मुबारकपुर क्षेत्र में किसी चिप की तलाश में पहुंची। कुछ युवाओं को उठाया भी गया। हालांकि हिदायत देकर मुबारकपुर थाने पर पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
अब बुधवार से जिले में एनआईए टीम के मौजूद होने की चर्चा हो रही है। बुधवार को निजामाबाद कस्बा से एक मोबाइल कारोबारी को उठाए जाने की भी चर्चा है। उसे प्रयागराज जनपद के नंबर की गाड़ी से उठाया गया है। हालांकि स्थानीय पुलिस इस बाबत कुछ भी जानकारी देने से मना कर रही है। बृहस्पतिवार की सुबह मुबारकपुर क्षेत्र के चकिया, इब्राहिमपुर समेत चार गांवों में टीम के पहुंचने की चर्चा है।
इस बाबत एसओ मुबारकपुर राजकुमार सिंह ने पूछने पर बताया कि टीम आयी है तो अपना काम कर रही है। हम इस बारे में कुछ भी नहीं बता सकते। वहीं मुबारपुर के बाद टीम के बिलरियागंज क्षेत्र में भी दबिश दिए जाने की बात सामने आयी है। एनआईए टीम की जिले में मौजूदगी से हड़कंप मचा हुआ है। लेकिन टीम कहा है और किस गांव या क्षेत्र में दबिश डाल रही है किसी को कुछ पता नहीं है। जनपद पुलिस के आलाधिकारी भी इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।