आजमगढ़। महाशिवरात्रि की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल और एसएसपी हेमराज मीणा ने कंधरापुर थाना क्षेत्र के भंवरनाथ मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने जगह-जगह मजबूत बैरिकेडिंग बनाते हुए शिवरात्रि के दिन सुरक्षा-व्यवस्था चाकचौबंद रखने के निर्देश दिए। मंदिर में शिवरात्रि पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने के मद्देनजर यह व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और मंदिर के पुजारियों एवं व्यवस्थापकों से प्रबंधन एवं तैयारियों के संबंध में वार्ता की। महाशिवरात्रि को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक बंदोबस्त करने के लिए निर्देशित किया गया। इस दौरान डीएम व एसपी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। डीएम नवनीत सिंह चहल ने कहा कि मंदिर में प्रवेश की पुरानी व्यवस्था ही रहेगी। मुख्य द्वार से निकासी कराई जाएगी। इस समय अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर शैलेंद्र लाल व अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।