आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव प्रचार का शोर मंगलवार की शाम पांच बजे थम गया। प्रचार का शोर थमने के बाद प्रत्याशियों ने अब डोर-टू-डोर प्रचार पर अपना पूरा जोर लगा दिया है। अब उनका प्रयास है कि वह ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक पहुंच सकें। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी ने अपनी पूरी ताकत झोंकी।
किसी ने रोड शो निकाल कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया तो वहीं किसी ने लोगों से जनसंपर्क किया। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ ने बिंद्राबाजार से रोड शो निकाला जो लोकसभा क्षेत्र की पांचों विधानसभाओं को छूते हुए नगर क्षेत्र में पहुंचकर संपन्न हुआ।
इस दौरान सड़कों के किनारे निरहुआ को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा हुआ था। वहीं समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव ने भी रोड शो के जरिए अपनी ताकत का एहसास कराया। उन्होंने नगर के हर्रा की चुंगी से रोड शो किया जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर संपन्न हुआ।
वहीं बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार शाह आलम गुड्डू जमाली सुबह से ही लोगों से जनसंपर्क करने में जुटे रहे। उनके द्वारा बिलरियागंज और बिंदवल जयराजपुर सहित गई गांवों का दौराकर लोगों से जनसंपर्क किया गया।