सरायमीर। स्थानीय थाना क्षेत्र के चक हवेली गांव के पास से गुजरी रेलवे लाइन पर सोमवार की सुबह ट्रेन से कट कर एक वृद्धा की मौत हो गई। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
चकहवेली गांव निवासी 40 वर्षीय संजय पुत्र सोहन रोजी-रोटी के लिए विदेश रहता था। वहां उसकी मौत हो गई थी। सोमवार की सुबह उसका शव गांव में पहुंचा तो गांव के लोग शोक संवेदना व्यक्त करने उसके घर जा रहे थे। संजय का घर रेलवे लाइन के दूसरी तरफ था। गांव निवासी उजपती देवी (95) पत्नी जद्दू भी संजय के घर शोक संवेदना व्यक्त करने जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर सरायमीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। इस दौरान परिजन भी मौके पर पहुंच गए और पोस्टमार्टम न कराने का अनुरोध करने लगे। जिस पर पुलिस ने पंचनामा कर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।