लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव निवासी एक वृद्ध मंगलवार को सरयू नदी पार कर पशुओं के लिए चारा लेने गया हुआ था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजन उसका खोजबीन करने लगे। इस दौरान बुधवार की सुबह नदी में शव उतराया हुआ मिला। पास में चादर में बंधी हुई घास भी बरामद हुई है।
मानिकपुर गांव निवासी 65 वर्षीय लाल बच्चन साहनी पुत्र महंगू मंगलवार को घर से पशुओं के लिए चारा लेने के लिए निकला था। वह घर से लगभग पांच किमी दूर सरयू नदी पार कर चारा लेने गया हुआ था। शाम तक वह वापस घर नहीं लौटा तो परिजन उसे खोजने लगे। देर रात तक वृद्ध की तलाश किए लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चल सका। बुधवार की सुबह लगभग छह बजे लाल बच्चन का शव सरयू नदी के किनारे उतराया हुआ मिला। मौके पर ही चादर में बंधी घास भी मिली है। सूचना पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। वहीं रौनापार थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। जिस पर पुलिसकर्मियों समेत एसओ मौके पर पहुंच गए। शव को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक पांच बच्चों का पिता था। तीन बच्चे रोजीरोटी के लिए बाहर रहते है। पत्नी की भी कुछ वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।