शिक्षकों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ रामजन्म गुट ने जेडी कार्यालय पर धरना दिया। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं होती, धरना जारी रहेगा। धरना स्थल पर जेडी के न पहुंचने पर संघ ने बुधवार से जेडी आवास पर धरने का निर्णय लिया।
प्रांतीय अध्यक्ष रामजन्म सिंह ने कहा कि बार-बार धरना-प्रदर्शन के बाद भी शिक्षा विभाग के अधिकारी मौन साधे हुए हैं। अधिकारियों की उदासीनता से शिक्षकों को तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाध्यक्ष इरफान अहमद ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक और संयुक्त शिक्षा निदेशक को पूर्व में मंडलायुक्त सहित जिलाधिकारी ने शिक्षकों के धरने को संज्ञान में लेते हुए जल्द निस्तारण का निर्देश दिया था लेकिन आज तक समस्याएं जस की तस हैं। अब संगठन के सामने संघर्ष के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।
जिला मंत्री पंकज कुमार सिंह ने शिक्षकों से बुधवार को जेडी के आवास पर पहुंचकर धरने को सफल बनाने का आह्वान किया। धरने में अबरार अहमद, वीरेंद्र सिंह, डा. राजेंद्र यादव, जीत बहादुर यादव, शिवुकमार विश्वकर्मा आदि शामिल रहे।