आजमगढ़। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदेय स्थलों के संभाजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुसार 1200 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थलों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया और समय-सारिणी की जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 4 जुलाई को मतदेय स्थलों की प्रारूप (आलेख्य) सूची प्रकाशित कर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाएगी। इस सूची पर 4 से 14 जुलाई तक संबंधित उप जिलाधिकारी अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में आपत्तियां एवं सुझाव प्रस्तुत किए जा सकेंगे। प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण कर 18 जुलाई तक सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा तथा 25 जुलाई तक प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजा जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील किया कि वे अपने कार्यकर्ताओं एवं सदस्यों को इस प्रक्रिया की जानकारी दें और यदि किसी मतदेय स्थल के संबंध में आपत्ति हो तो आवेदन में संबंधित विधानसभा क्षेत्र, मतदान केंद्र, मतदेय स्थल तथा परिवर्तन के स्पष्ट कारण बिंदुवार अवश्य अंकित करें।
बैठक में बताया गया कि नए निर्धारण के तहत सभी मतदेय स्थलों को रनिंग सीरियल नंबर दिए जाएंगे तथा सहायक (ऑक्जिलरी) मतदेय स्थल समाप्त कर दिए जाएंगे। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर 300 से कम मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों को बनाए रखने के लिए स्पष्ट कारण दर्ज करना होगा।
निर्देश दिए गए कि जर्जर एवं अस्थायी भवनों में संचालित मतदेय स्थलों को उसी मतदान क्षेत्र के स्थायी भवनों में स्थानांतरित किया जाए। मुख्य बस्तियों से अधिक दूरी पर स्थित मतदेय स्थलों को सुविधाजनक स्थानों पर स्थापित किया जाए तथा मतदाताओं को सामान्यतः दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय न करनी पड़े। नई विकसित आवासीय कॉलोनियों में आवश्यकता अनुसार नए मतदेय स्थल स्थापित किए जाएंगे।
साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी मतदेय स्थल यथासंभव भूतल पर हों, दिव्यांग एवं अशक्त मतदाताओं के लिए रैंप उपलब्ध हों तथा किसी भी राजनीतिक दल या श्रमिक संगठन के कार्यालय से 200 मीटर के भीतर कोई मतदेय स्थल स्थापित न किया जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सम्भाजन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले में प्रस्तावित मतदेय स्थलों की कुल संख्या 4343 होगी। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी गम्भीर सिंह, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।