लाटघाट। सगड़ी तहसील के हरैया ब्लाक के बरडीहा गांव में सोमवार को उपायुक्त मनरेगा पवन कुमार सिंह ने पंचायत भवन पर खुली बैठक की। 2011 से 2015 तक के हुए कच्चा एवं पक्का कार्यों की समीक्षा की गई। ग्रामीणों की शिकायत पर चार कच्चे एवं पक्के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद कार्यों के स्टीमेट की जांच कराने की बात कही गई।
बैठक में मनरेगा उपायुक्त को 2011 से 2015 तक के कुल 45 कच्चे और पक्के कार्य कराए जाने की जानकारी दी गई। अरुण कुमार सिंह ने 12 कार्यों पर आपत्ति दर्ज कराते हुए बताया कि एक ही कार्य का कई बार भुगतान कराया गया है। उपायुक्त ने पोखरी, खडंजा, भीटा, चकमार्ग सहित दो कच्चे और दो पक्के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। चारों कार्यों के स्टीमेट फाइलों को अपने कब्जे में लेकर जांच कराए जाने की बात कही। ग्राम प्रधान रामहरक और ग्राम पंचायत अधिकारी राजू तिवारी ने बताया कि सभी कार्य पूर्ण करा दिए गए हैं। खुली बैठक में खंड विकास अधिकारी हरैया रामदरश, जेई राम सिंह सहित अनेक ग्रामीण शामिल रहे।