मेहनगर। गौरा गांव स्थित श्री मंडलेश्वर महादेव के पास स्थित शिव सरोवर की सफाई सोमवार को शुरू हो गई।
सोमवार को शिवभक्तों ने सुबह पांच बजे हर-हर महादेव के जयकारों के बीच जलकुंभी बाहर निकालकर सफाई अभियान को गति दी। शिव सरोवर से 50 पचास फीसदी जलकुंभी बाहर निकली जा चुकी है। सफाई अभियान से जुड़े गांव के युसुफ खां ने कहा कि यह सरोवर इस क्षेत्र के हिंदू भाइयों का पौराणिक तीर्थ स्थल है। इस पुण्य कार्य में हम मुस्लिम भाई भी आप के साथ हैं। सफाई अभियान के अध्यक्ष 84 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक रामअवध सिंह ने कहा कि शिव सरोवर (घाट ) पर आने से हम सबका मनोबल बढ़ा है। इसकी सफाई निरंतर होती रहेगी। वहीं श्रमदान करने वाले शिवभक्तों के लिए गांव के ही ओमप्रकाश सिंह ने भोजन की व्यवस्था की थी। इस मौके पर डा. शशिबिन्द सिंह, ठाकुर टन्नु सिंह ,भोला सिंह, शैलेन्द्र सिंह, महेन्द्र सिंह फौजी, तिवारी, मुन्ना यादव, जेपी सिंह, निहोरी यादव आदि उपस्थित रहे।