आजमगढ़। अब ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की स्थिति, पात्र लाभार्थियों की संख्या और योजनाओं की आवश्यकता जैसी तमाम जानकारियां एक क्लिक में उपलब्ध होंगी। इसके लिए पंचायत राज विभाग पंचायत एडवांस इंडेक्स पोर्टल तैयार कर रहा है। 1711 ग्राम पंचायतों का डाटा पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। शेष का डाटा नोडल अधिकारी के पास पहुंच गया है। वह इसकी जांच कर रहे हैं।
इस पोर्टल पर हर ग्राम पंचायत की प्रोफाइल 116 बिंदुओं पर आधारित होगी। इसमें ग्राम पंचायत की सामाजिक, आर्थिक, विकासात्मक और प्रशासनिक स्थिति की पूरी जानकारी शामिल रहेगी। जानकारी की सत्यता संबंधित विभागों द्वारा जांचे जाने के बाद ही पोर्टल पर अपलोड की जाएगी, जिससे डाटा की विश्वसनीयता बनी रहे। जिले के आठ ब्लॉकों की 1811 ग्राम पंचायतों का डाटा जुटाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके लिए ग्राम पंचायत सचिवों, पंचायत सहायकों और रोजगार सेवकों को जिम्मेदारी दी गई है।
पंचायत एडवांस इंडेक्स पोर्टल के आंकड़ों के आधार पर ही 16वें वित्त आयोग की राशि का आवंटन किया जाएगा। जिस पंचायत की जरूरत अधिक होगी, वहां अधिक राशि दी जाएगी। पीएआई पोर्टल के माध्यम से ग्राम पंचायतों की स्थिति का विस्तृत आंकलन किया जा सकेगा। इससे विकास को लेकर और कदम उठाने में सहायता मिलेगी।
पंचायत एडवांस इंडेक्स पोर्टल के लिए गांवों का डाटा जुटाने की प्रक्रिया जिले में लगभग पूरी हो चुकी है। इसमें से 1711 ग्राम पंचायतों का डाटा अपलोड भी किया जा चुका है। शेष ग्राम पंचायतों का डाटा भी नोडल अधिकारी के पास पहुंच गया है। जिसे जल्द अपलोड किया जाएगा। - पवन कुमार, डीपीआरओ।
खास बातें
116 बिंदुओं पर ग्राम पंचायतों का डाटा एकत्रित होगा।
संबंधित विभागों से सत्यापन के बाद ही डाटा पोर्टल पर डाला जाएगा।
विकास कार्यों की निगरानी और योजना निर्धारण में मदद मिलेगी।