फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Azamgarh News: अब रिपोर्ट कार्ड में दिखेगी बच्चों की सीखने की क्षमता

विज्ञापन
विज्ञापन
आजमगढ़। नए शैक्षिक सत्र 2026-27 से परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों का रिपोर्ट कार्ड पूरी तरह नए स्वरूप में नजर आएगा। अब रिपोर्ट कार्ड केवल परीक्षा के अंकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता, व्यवहार, सहभागिता और समग्र विकास का भी आकलन किया जाएगा। जुलाई में जिले के 2706 परिषदीय विद्यालयों के करीब ढाई लाख विद्यार्थियों को पहली बार नया समग्र रिपोर्ट कार्ड वितरित किया जाएगा। इसमें बच्चों की शैक्षिक प्रगति को ग्रेड और स्टार प्रणाली के माध्यम से दर्शाया जाएगा। अभिभावकों और विद्यार्थियों का फीडबैक भी शामिल किया जाएगा। इससे यह केवल परीक्षा परिणाम का दस्तावेज न रहकर बच्चे की संपूर्ण शैक्षिक यात्रा का रिकॉर्ड बन सके। सहायक शिक्षा निदेशक मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि केवल अंकों के आधार पर किसी विद्यार्थी की क्षमता का सही आकलन नहीं किया जा सकता। कई छात्र पढ़ाई के अलावा रचनात्मक गतिविधियों, व्यवहार और अन्य क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करते हैं। नई व्यवस्था इन सभी पहलुओं को महत्व देगी। रिपोर्ट कार्ड में क्यूआर कोड भी अंकित होगा। इसे मोबाइल से स्कैन कर छात्र की शैक्षिक प्रगति और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां ऑनलाइन देखी जा सकेंगी। इससे रिपोर्ट कार्ड डिजिटल रूप से भी सुरक्षित रहेगा।
विज्ञापन

ग्रेड और स्टार से होगी क्षमता की पहचान
नई व्यवस्था में विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। स्काई (तीन स्टार) सर्वोच्च श्रेणी होगी, इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी शामिल होंगे। माउंटेन (दो स्टार) श्रेणी उन विद्यार्थियों की होगी, जिनकी सीखने की प्रक्रिया मजबूत है। वे लगातार प्रगति कर रहे हैं। वहीं, स्ट्रीम (एक स्टार) श्रेणी में ऐसे विद्यार्थी होंगे, जिन्हें आगे बढ़ने के लिए अतिरिक्त मार्गदर्शन और अभ्यास की आवश्यकता होगी।
अंकों के आधार पर मिलेगा ग्रेड
सहायक शिक्षा निदेशक मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट कार्ड में सीधे अंक प्रदर्शित नहीं किए जाएंगे, लेकिन प्राप्त अंकों के आधार पर ग्रेड निर्धारित होंगे। रिपोर्ट कार्ड में प्रथम सत्र, अर्द्धवार्षिक, द्वितीय सत्र और वार्षिक परीक्षा के ग्रेड भी दर्ज होंगे। इससे पूरे शैक्षिक वर्ष के दौरान विद्यार्थी की प्रगति का समग्र मूल्यांकन किया जा सकेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

इस तरह मिलेगा ग्रेड
91 से 100 प्रतिशत अंक पर ए-1
81 से 90 प्रतिशत पर ए-2
71 से 80 प्रतिशत पर बी-1
61 से 70 प्रतिशत पर बी-2
51 से 60 प्रतिशत पर सी-1
41 से 50 प्रतिशत पर सी-2
33 से 40 प्रतिशत पर डी-1
32 प्रतिशत या उससे कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को डी-2 ग्रेड दिया जाएगा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें