आजमगढ़। मंडल की चारों सर्किल में बिजनेस प्लान 2026-27 के तहत 130.81 करोड़ की कार्ययोजना को शासन ने मंजूरी दी है। इससे तीन नए बिजली घर की स्थापना होगी, 23 बिजली घरों की क्षमता वृद्धि, 20 नई लाइनों का निर्माण सहित 2046 कार्य कराए जाएंगे। आजमगढ़ मंडल की चारों सर्किल में विभिन्न भार के 14 लाख से अधिक उपभोक्ता हैं। समय के साथ उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं तक निर्बाध बिजली पहुंचाने के लिए निगम भी विभिन्न योजनाओं में सुधार के कार्य करा रहा है। मुख्य अभियंता इंजी. रामबाबू ने बताया कि नए बिजनेस प्लान में सभी वितरण खंडों से 130.81 करोड़ की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजा गया था। इसकी मंजूरी भी मिल चुकी है। आजमगढ़ में तीन नये बिजली घर बनाए जाएंगे। इसके अलावा आजमगढ़ में 14, मऊ में तीन और बलिया में छह बिजली घरों की क्षमतावृद्धि होगी। चारों सर्किल में 33 केवी की 20 नई लाइनें खींची जाएंगी। प्रोटेक्शन के कार्य में जरूरत के हिसाब से जर्जर तार, केबल, वीसीबी, एलए, अर्थिंग, सीआरपी, टेलनेस यूनिट, एलटी एबीसी, आरएमयू आदि बदलने और लगाने का कार्य कराया जाएगा।