जनपद के चौराहों और तिराहों के सुंदरीकरण अभियान में जुटे जिलाधिकारी सुहास एलवाई नगरपालिका चौराहे को सुंदर बनाने में जुटे हुए हैं। चौराहे के सुंदरीकरण के लिए जिलाधिकारी ने गुरुवार को नगरपालिका चौराहे का निरीक्षण किया और वहां हुए अतिक्रमण को जेसीबी से हटवाया।
डीएम की पहल पर नगर के बवाली मोड़, सिधारी चौराहा, करतालपुर बाईपास, भंवरनाथ चौराहा, जुनेदगंज चौराहा, हाफिजपुर चौराहे के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण का कार्य कराया गया। अब डीएम नगर के व्यस्ततम इलाकों में स्थित चौराहों का चौड़ीकरण कर नगर को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में उन्होंने नगरपालिका चौराहे का निरीक्षण किया।
वहीं, नगरपालिका द्वारा जेसीबी से सड़क के किनारे कब्जा किए गए दुकानदारों के कब्जे को हटाया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि यह चौराहा लखनऊ स्थित हजरतगंज चौराहे की तरह बनाया जाएगा। बोले, चौराहे पर अतिक्रमण करने वाले लोगों की पहले ही निशानदेही कर ली गई है। जिसे हटाने का निर्देश एसडीएम सदर और सीओ सिटी को दिया जा चुका है। अभी अगस्त में शहर की मुख्य सड़कों के चौड़ीकरण का कार्य शुरू होने जा रहा है।
उधर, नगरपालिका चौराहे पर अतिक्रमण को हटाने के लिए जैसे ही जेसीबी पहुंची, लोगों में हड़कंप मच गया। लोग दुकान में रखे सामानों को तो पहले ही हटा चुके थे लेकिन अतिक्रमण क्षेत्र में लगे शटर आदि निकाल नहीं सके। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया।