भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि प्रदेश सरकार की जान उनके मंत्री गायत्री प्रजापति नामक एक तोते में बसी है। तोते को बचाने के लिए सरकार अमिताभ ठाकुर जैसे अधिकारियों की बलि चढ़ा रही है। डाक्टर वाजेपयी बुधवार को लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पटरी से उतर गई है। मंत्री खुद नियमों को ताक पर रख कर काम कर रहे हैं। इसका जीता जागता उदाहरण 19 जुलाई को बूढनपुर तहसील के कोयलसा ब्लाक में बीएलओ की बैठक है। इसे अधिकारियों के बजाए कारागार मंत्री बलराम यादव ने संबोधित किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव आयुक्त (स्थानीय निकाय एवं पंचायतें) से मिलकर वे मामले की शिकायत कर चुके हैं।
कहा कि नेताओं के इशारे पर अधिकारी बदले की भावना से काम कर रहे हैं। यूपीपीसीएस से मनमाने ढंग से नियुक्तियां की जा रही हैं। ऐसी अनियमितताओं की लिस्ट वे तैयार करवा रहे हैं। इकट्ठा होने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे। आरोप मढ़ा कि प्रदेश सरकार लोकायुक्त अधिनियम 1975 में बदलाव कर चीफ जस्टिस को हटाकर अपने किसी चहेते को बैठाना चाह रही है। लेकिन भाजपा ऐसा होने नहीं देगी। उन्होंने पंचायत चुनाव को निष्पक्ष तरीके से कराने की मांग उठाई है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सहजानंद राय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।