फूलपुर। पुलिस के लाख प्रयास के बावजूद जिले में पशु तस्करी नहीं रुक पा रही है। पुलिस की सख्ती के चलते तस्कर लग्जरी वाहनों का इस्तेमाल करने लगे हैं। बुधवार की सुबह कुछ ऐसा ही देखने को मिला। फूलपुर कोतवाल शेर सिंह तोमर के मुताबिक वह सुबह गश्त पर थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस भीखपुर गांव के पास पहुंची जहां स्कार्पियो सवार तस्कर भागते हुए दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो आरोपी और तेज भागने लगे।
स्कार्पियो न रुकने पर पुलिस ने टायर पर फायर कर दिया। गाड़ी कुछ दूर जाकर रुक गयी। उसमें सवार तस्कर निकलकर फरार हो गये। तलाशी लेने पर गाड़ी के अंदर से तीन पशु बरामद हुए। जिन्हें बेरहमी से ठूंसकर रखा हुआ था। गांव वालों के सहयोग से स्कार्पियो और पशुओं को थाने लाया गया। पुलिस गाड़ी पर अंकित नंबर के जरिये फरार पशु तस्करों की तलाश में जुटी हुई है। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया की स्कॉर्पियो और पशु तस्कर पुलिस के कब्जे में है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।