कोविड-19 के लिए मंडल मुख्यालय पर एल-3 हास्पीटल स्थापित करने को लेकर बैठक को संबोधित करती मंडलायुक्त
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। कोरोना संक्रमण की जंग में राजकीय मेडिकल कालेज की जिम्मेदारी लगातार बढ़ती जा रही है। फिलहाल यहां 95 आइसोलेशन व पांच वेंटीलेटर युक्त बेड की सुविधा ही उपलब्ध थी। शासन के नए फरमान के बाद अब इस अस्पताल को लेवल-3 अस्पताल के रूप में तब्दील किए जाने की कवायद शुरू करा दी गई है। इसे लेकर कमिश्नर ने अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
राजकीय मेडिकल कालेज में मंडल के तीनों जिलों के कोरोना पॉजिटिव मरीजों का इलाज हो रहा है। एक दिन पूर्व ही इस अस्पताल को कोरोना समर्पित अस्पताल घोषित किया गया। वहीं अब इसे लेवल-3 टाइप अस्पताल के रूप में तब्दील करने की योजना सरकार ने बनाई है। प्राचार्य डॉ. आरपी शर्मा ने बताया कि फिलहाल यहां पांच वेंटिलेटर युक्त बेड के साथ ही 95 आइसोलेशन बेड की सुविधा उपलब्ध थी। अब शासन ने यहां 20 वेंटिलेटर युक्त बेड के साथ ही लेवल-3 अस्पताल के अनुरूप सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। पांच वेंटिलेटर पहले से ही यहां मौजूद है शेष के लिए प्रस्ताव बना कर शासन को भेजा जा रहा है। स्थानीय स्तर पर अस्पताल को एल-3 लेवल में तब्दील करने की कवायद शुरू कर दी गई है। जगह की कोई कमी नहीं है। फिलहाल 100 बेड का आईसोलेशन वार्ड है ही आगे जैसा दिशा निर्देश शासन का होगा, उसके अनुरूप आइसोलेशन बेडों की संख्या भी बढ़ दी जाएगी।