आजमगढ़। दीक्षा (डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर फॉर नॉलेज शेयरिंग) एप कक्षा एक से 12वीं तक के लिए स्कूली शिक्षा का राष्ट्रीय डिजिटल मंच है। इसे एक राष्ट्र एक डिजिटल प्लेटफार्म के रूप में घोषित किया है। शिक्षण अधिगम से संबंधित जिज्ञासा के समाधान व पाठ्य सामग्री से जुड़े डिजिटल कंटेंट तक पहुंच बढ़ाने के लिए एप को अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक ने पत्र जारी कर निर्देशित किया है कि सभी मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में भी दीक्षा एप का प्रयोग किया जाए जिसमें अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, गणित, विज्ञान, पर्यावरण अध्ययन, इतिहास, नागरिक शास्त्र व भूगोल जैसे विषयों के लिए कक्षा एक से आठ तक के पाठ्यक्रम के आधार पर 4000 से अधिक वीडियो के माध्यम से समृद्ध शैक्षिक सामग्री के अलावा शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए 80 फीसद पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं। शीघ्र ही 300 प्रशिक्षण कोर्स और भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इसमें बुनियादी शिक्षा पर आधारित प्रशिक्षण कोर्स भी होंगे।