आजमगढ़। रोटी, कपड़ा, मकान की किल्लत झेल रहे परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत अब हर ग्राम पंचायत से कम से कम 10 व बड़ी ग्राम पंचायतों से 25 गरीब परिवारों का चयन होगा। इन परिवारों को केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का मिलेगा। जिले में इस योजना के तहत गरीब परिवारों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में 1811 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें से पांच हजार या उससे अधिक आबादी वाली बड़ी पंचायतों में 25 परिवार और छोटी पंचायतों में 10 परिवार चुने जाएंगे। चयन प्रक्रिया पूरी तरह एक परिवार, एक पहचान (फैमिली आईडी) पोर्टल के माध्यम से होगी ताकि लाभार्थियों की पहचान पारदर्शी और सटीक रहे।
जिला प्रशासन ने इसके लिए सर्वे शुरू कर दिया है। चयनित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर भोजन, वस्त्र, उत्कृष्ट शिक्षा, चिकित्सा और आवास जैसी पांच मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इसके बाद उन्हें रोजगार और सतत आय के साधनों से जोड़ा जाएगा।
सरकार का उद्देश्य गरीब परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना है। हर चयनित परिवार की लगातार निगरानी होगी जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी परिवार दोबारा निर्धनता की स्थिति में न पहुंचे। - संजय सिंह, डीडीओ, आजमगढ़।