आजमगढ़। औरैया जिले की एक छात्रा (यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट) ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर उत्तर पुस्तिका के गलत मूल्यांकन का आरोप लगाते हुए कोर्ट से पुर्न: मूल्यांकन की अपील की।
मामले का संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को वादी की कॉपी का पुर्न: मूल्यांकन कराने का आदेश पर दिया। कोर्ट के आदेश पर पुर्न: मूल्यांकन में छात्रा को पहले से ज्यादा नंबर मिले हैं।
इस मामले में पहली बार छात्रा की काॅपी जांचने वालों पर कार्रवाई तय है। इस मामले में अपर सचिव विभा मिश्रा ने पंचायत इंटर कॉलेज खानपुर, सरायमीर के परीक्षक अजय कुमार, मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज कंधरापुर के उप प्रधान परीक्षक राकेश विक्रम श्रीवास्तव, प्राचार्य पंचायत इंटर कॉलेज खानपुर, सरायमीर, प्राचार्य मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज कंधरापुर और डीएवी इंटर कॉलेज को नोटिस दिया है।
यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा वर्ष 2024 में औरैया जिले की निवासी छात्रा आस्था ने गणित विषय की परीक्षा दी थी।
इसका अनुक्रमांक नंबर 2246113697 है। परीक्षा का परिणाम पांच जुलाई 2024 को घोषित हुआ। गणित में कम नंबर पाने पर आस्था ने दूसरे दिन बोर्ड में जनसूचना अधिकार अधिनियम-2005 के तहत प्रार्थना-पत्र दिया। इसके बाद उसने उच्च न्यायालय इलाहाबाद में याचिका दाखिल कर उत्तर पुस्तिका के पुर्न: मूल्यांकन की अपील की।
हाईकोर्ट के आदेश पर कॉपी का पुर्न: मूल्यांकन कराया गया। परीक्षा प्रभारी उमाकांत यादव ने बताया कि इस मामले में संबंधित लोगों को नोटिस दिया गया है। मामले में कॉपी मूल्यांकन में परीक्षक और उप प्रधान परीक्षक की गलती मिली है। हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया है। इसकी आख्या भेजी जा रही है। बताया कि इस मामले में परीक्षा समिति ने निर्णय लिया है।