आजमगढ़। जिला अस्पताल की सामान्य ओपीडी को अग्रिम आदेश तक बंद कर दिया गया है। जिसके चलते शनिवार को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे मरीजों को बैरंग वापस लौटना पड़ा। शनिवार को भी काफी संख्या में मरीज इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे लेकिन न तो अस्पताल की कोई भी ओपीडी खुली थी न ही किसी मरीज को परिसर में ही जाने दिया जा रहा था।
तीन दिनों से जिला अस्पताल में सामान्य मरीजों को इलाज की सुविधा नहीं मिल रही है। रोज की भांति शनिवार को भी सैकड़ों की संख्या में मरीज इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पता चला कि सामान्य ओपीडी की सेवा फिलहाल अग्रिम आदेश तक बंद कर दी गई है। सिर्फ गंभीर मरीजों को ही डॉक्टर देख रहे है और इमरजेंसी की सुविधा चालू रही। दूर दराज से इलाज के लिए आए मरीज घंटों इंतजार करने के बाद बैरंग वापस लौटने को मजबूर हुए। जिससे इन गरीब तबके के मरीजों में काफी आक्रोश भी देखने को मिला। वही इस बाबत पूछे जाने पर एसआईसी डॉ. एसकेजी सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिला अस्पताल की सामान्य ओपीडी को बंद कर दिया गया है। गंभीर मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल में डॉक्टर मौजूद रहेंगे। वहीं फ्लू ओपीडी जो आईसोलेशन वार्ड में चल रही है वह चलती रहेगी। इमरजेंसी भी चालू रहेगा ताकि गंभीर मरीजों को इलाज की सुविधा मिलती रहे। सारी कवायद कोरोना संक्रमण के तेज फैलाव को देखते हुए की गई है।