आजमगढ़। पंचायत चुनाव के तहत जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन का कार्य बुधवार को शुरू हो गया। जिला पंचायत सदस्य पद का नामांकन कलेक्ट्रेट परिसर में किया जा रहा है। नामांकन में सिर्फ दो दिन का समय मिलने के कारण सुबह से लेकर शाम तक नामांकन करने वालों की लाइन कम होने का नाम नहीं ले रही थी।
प्रशासन की ओर से कलेक्ट्रेट परिसर में बैरिकेडिंग आदि करके नामांकन की व्यवस्था तो कर ली गई लेकिन वह पानी की व्यवस्था नहीं कर सका। जिसका परिणाम रहा कि बुधवार को नामांकन करने पहुंचे लोग और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी पानी को तरस रहे थे। उन्हें पानी पीने के लिए बार-बार नीचे जाना पड़ रहा था इस बात को लेकर उनकी सुरक्षा कर्मियों से बहस भी हो रही थी।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जनपद में दूसरे चरण यानि 19 अप्रैल को मतदान का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही आयोग ने सात और आठ अप्रैल को नामांकन की तिथि घोषित की है। सिर्फ दो दिन नामांकन का समय होने के कारण हर कोई नामांकन का कार्य कर लेना चाहता है। जिसका परिणाम रहा बुधवार को नामांकन के पहले दिन कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से लेकर शाम तक नामांकन के लिए लगी लाइन कम होने का नाम नहीं ले रही थी। किसी किसी काउंटर पर तो दो लाइन लगवानी पड़ी थी।