निजामाबाद। प्रमुख सचिव व नोडल अधिकारी के रविन्द्र नायक ने बुधवार को जनपद पहुंचे। उन्होंने तहबरपुर विकास खंड के मुकुंदपुर गांव का निरीक्षण किया और चौपाल लगाकर लोगों की समस्या सुनीं। ग्रामीणों से साफ-सफाई के बारे में पूछा। निरीक्षण में पाया कि कहीं-कहीं लाइट नहीं जल रही है। जलजमाव पाए जाने पर उन्होंने बीडीओ व ग्राम पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए कि लाइट को ठीक कराएं व जल निकासी की व्यवस्था करें।
नोडल अधिकारी ने चौपाल में समूह की महिलाओं से जानकारी ली कि कितने समूह का गठन किया गया है। महिलाओं ने बताया कि छह समूह का गठन किया गया है लेकिन अभी तक किसी भी समूह का बैंक में खाता खुल नहीं पाया है। इस पर नोडल अधिकारी ने एसडीएम निजामाबाद को निर्देश दिए कि समूहों का खाता खुलवाएं। यूनियन बैंक के मैनेजर को निर्देश दिया कि गांव में कैंप लगा कर समूहों का खाता खोलें। कुछ महिलाओं ने पेंशन न मिलने की शिकायत की। उन्होंने बीडीओ तहबरपुर को निर्देश दिया कि महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर पेंशन दिलवाएं। एसडीएम निजामबाद को निर्देश दिया कि आम आदमी बीमा के तहत महिलाओं का बीमा कराकर उसका लाभ दिलवाएं। इसके बाद उन्होंने नगर पंचायत निजामाबाद का निरीक्षण किया। ईओ नगर पंचायत निजामाबाद को निर्देश दिए साफ-सफाई, जलजमाव, लाईट, पानी आदि की व्यवस्था ठीक कराएं। प्रभारी डीएम व सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, एसडीएम निजामाबाद, पीडी अभिमन्यु सिंह, डीडीओ रवि शंकर राय, डीपीआरओ, डीएसटीओ आरडी राम आदि थे।