अतरौलिया में पार्टी पदाधिकारियों के बैठक को संबोधित करते कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर। संवाद
बूढ़नपुर। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को अतरौलिया डाक बंगले में पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें विधानसभा क्षेत्र के सभी 64 सेक्टर प्रभारियों ने हिस्सा लिया। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और आगामी चुनावों की तैयारियों के लिए चर्चा की गई।
इसके बाद पत्र प्रतिनिधियों से बात करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि एनडीए में सीटों के बंटवारे को लेकर अभी तक कोई बातचीत नहीं हुई है। समय आने पर गठबंधन के स्तर पर चर्चा होगी और उसके बाद ही सीटों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। अयोध्या में सामने आए कथित चंदा चोरी के मामले पर उन्होंने कहा कि मंदिर ट्रस्ट के अधीन है और इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं है। उनके अनुसार, ट्रस्ट के महासचिव ने सरकार को शिकायत देकर मंदिर में अनियमितताओं की जांच की मांग की थी, जिसके बाद एसआईटी का गठन किया गया। जांच में प्रथम दृष्टया आठ लोग दोषी पाए गए, जिन्हें जेल भेजा गया है। साथ ही ट्रस्ट के दो लोगों ने इस्तीफा भी दिया है। उन्होंने कहा कि एसआईटी और पुलिस की जांच जारी है। कोई भी दोषी, चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, बख्शा नहीं जाएगा। पिछड़ों के आरक्षण के मुद्दे पर कहा कि मौजूदा व्यवस्था में सभी पात्र लोगों को आरक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जानकारी रखने वाले कुछ लोग ही इसका अधिक लाभ उठा रहे हैं। उनका सुझाव है कि 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को तीन भागों में विभाजित किया जाए, ताकि छोटी और वंचित पिछड़ी जातियों को भी उनका उचित हिस्सा मिल सके।