आजमगढ़। दुर्गा पूजा दो अक्तूबर को है। शहर में विभिन्न स्थानों पर भव्य पंडाल बन रहे हैं। कई जगहों पर पंडालों में देवी प्रतिमाएं भी स्थापित हो चुकी हैं लेकिन अभी तक किसी भी पूजा समिति ने विद्युत सुरक्षा के मानकों को पूरा करते हुए अस्थायी कनेक्शन के लिए आवेदन नहीं किया है।
दुर्गा पूजा पर शहर से लेकर ग्रामीण बाजारों तक भव्य पंडाल बनाए जा रहे हैं। पंडालों और सड़कों पर पूजा समितियों की तरफ से लाइटिंग की जाती है। इसमें बड़े पैमाने पर बिजली खर्च होती है। इसके लिए सभी पूजा समितियों को अस्थाई कनेक्शन लेना अनिवार्य है, लेकिन अभी तक शहर हो या ग्रामीण क्षेत्र कहीं भी किसी पूजा समिति ने अस्थाई कनेक्शन के लिए आवेदन नहीं किया है। विभाग ने अवर अभियंता और एसडीओ के माध्यम से जिले के सभी पूजा समितियों को विद्युत सुरक्षा के मानकों को पूरा करते हुए अस्थाई कनेक्शन लेने के लिए नोटिस जारी किया है। सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा विपिन यादव ने कहा कि पूजा समितियां विद्युत सुरक्षा मानकों के अनुसार ही पंडाल बनाएं। हाईटेंशन लाइन के नीचे पांडाल न बनाएं, साथ ही पंडालों में विद्युतीय कार्य लाइसेंस प्राप्त ठेकेदारों से ही कराया जाए ताकि दशहरे की भीड़ में किसी प्रकार की कोई घटना न हो सके।