आजमगढ़। सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा ने मंगलवार को प्रमुख अधीक्षक डॉ. सतीश चंद्र कन्नौजिया के साथ मंडलीय जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, जांच सुविधाओं और मरीजों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने डॉक्टरों और कर्मचारियों को मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। एक्स-रे जांच की व्यवस्था में पाया कि मरीजों के सामान्य एक्स-रे किए जा रहे हैं। सीटी स्कैन सेवा के निरीक्षण के दौरान उन्हें बताया गया कि अस्पताल की विभागीय सीटी स्कैन मशीन से रिपोर्टिंग विशेषज्ञ चिकित्सक (रेडियोलॉजिस्ट) की उपलब्धता न होने से सेवा प्रभावित हो रही है। इसके बाद वह पीपीपी मॉडल के अंतर्गत संचालित सीटी स्कैन केंद्र पर पहुंचे वहां नियमित रूप से मरीजों की जांच हो रही थी। मरीजों की संख्या को देखते हुए सीएमओ ने पीपीपी केंद्र के संचालक व संबंधित स्टाफ को निर्देश दिया कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज की सीटी स्कैन जांच की जाय। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और मरीजों, तीमारदारों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया।