आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने किशुनदासपुर में अधिकारियों की बैठक में दो टूक शब्दों में कहा कि कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के काम में ढील और मनमानी नही चलेगी। उन्होंने कहा कि कोविड के संक्रमण के कारण काम पहले ही पिछड़ गया है, अब उनमें तेजी लाएं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अधूरे फ्लाईओवर एवं अंडरपास का निर्माण तेजी से करें। एप्रोच रोड एवं अन्य मिट्टी के कार्य भी जुलाई माह तक हर हाल में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। टोल प्लाजा के निर्माण भी जल्द कर लें। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसमें लापरवाही बरदाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री इसे हर हाल में तय समयावधि में पूरा करने को कहा है। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, डीआईजी सुबाष चंद्र दूबे, जिलाधिकारी राजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक सुधीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी हरि शंकर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गुरू प्रसाद, यूपीडा के संबंधित अधिकारी एवं संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।