बदमाशों का एनकाउंटर नहीं अपराध मुक्त समाज हमारा मकसद है। ऐसे मेें यदि कोई बदमाश अपराध करता है तो पुलिस उसको उसके किए की सजा जरूर देगी। रानीपुर रजमो गांव में शुक्रवार को ये बातें डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों से कहीं।
उन्होंने कहा कि पकड़ने गई पुलिस पर यदि बदमाश गोली चलाता है तो जवाब में पुलिस उसे फूल नहीं देगी। गोली का जवाब वह गोली से देगी। तमाम कोशिशों के बावजूद आमजन को अभी न्याय मिलने में काफी परेशानी हो रही। अधिकारी, कर्मचारी कार्रवाई करने की बजाय मामले को लटका कर रख रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एक सप्ताह बाद वह पुन: आजमगढ़ आएंगे और लगातार दो दिनों तक यहां रहेंगे। इस दौरान जिस किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही उजागर होगी, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
क्षतिग्रस्त आजमगढ़-वाराणसी मार्ग के हाल पर उन्होंने कहा कि फोर लेन का निर्माण कार्य चलने की वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। गड्ढों को जल्दी ही पाट दिया जाएगा। पूर्व सांसद रमाकांत यादव सहित अन्य पार्टी नेताओं के बगावती तेवर पर कहा कि यह पार्टी का अंदरुनी मामला है। इसे किस प्रकार से हल करना है। मैं भली भांति जानता हूं।
41 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
आजमगढ़। उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने शुक्रवार को मोहम्मदपुर ब्लॉक के रानीपुर रजमो गांव स्थित रामदेव मेमोरियल महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 41 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इस दौरान चौहान समाज ने उन्हें सम्मानित किया