अतरौलिया में सपा की बैठक को संबोधित करते बलराम यादव।
कस्बा स्थित सपा कार्यालय में सोमवार को सेक्टर प्रभारी, जोनल प्रभारी और बूथ अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई। इसमें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चर्चा की गई।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मंत्री बलराम यादव ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने नहीं देना है। इसके लिए बूथ अध्यक्षों और पार्टी कार्यकर्ताओं को लगातार अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी करनी होगी।
17 नवंबर से मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ स्तर पर लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि आज किसान, नौजवान और आम जनता सपा की ओर उम्मीद से देख रही है। किसानों और नौजवानों की खुशहाली के लिए पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है।
विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि एसआईआर को लेकर सभी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की जरूरत है। कार्यकर्ता मतदाता सूची का अध्ययन करें और जिन पात्र लोगों के नाम छूट गए हैं, उन्हें जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कराएं। जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, उनका नाम भी मतदाता सूची में शामिल कराने का प्रयास करें।
प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार पर चंदा चोरी और वोट चोरी के आरोप लग रहे हैं। किसान खाद के लिए भटक रहे हैं, वहीं युवाओं को रोजगार और भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव, कन्हैया गौड़, घनानंद गिरी, लचीराम वर्मा, चंद्रजीत यादव आदि मौजूद रहे।