आजमगढ़। जाड़े की छुट्टियों के बाद परिषदीय विद्यालयों में बच्चों का निपुण आकलन 27 जनवरी से शुरू होगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। यह आकलन ऑनलाइन एप के माध्यम से किया जाएगा, जिसे फरवरी माह तक पूरा किया जाना है।
निपुण आकलन के तहत कक्षा एक और दो के बच्चों की भाषा व गणित की दक्षता का मूल्यांकन डीएलएड प्रशिक्षुओं की ओर से किया जाएगा। कक्षा एक के बच्चों को 20 रुपये तक के नोट और सिक्कों की पहचान करनी होगी, जबकि कक्षा दो के बच्चों को 100 रुपये तक के नोटों की पहचान कराई जाएगी।
निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले बच्चों को निपुण माना जाएगा। भाषा आकलन में बच्चों की शब्द पहचान, शब्दों को जोड़कर पढ़ने की क्षमता का परीक्षण किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों में शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक समझ विकसित करना है। इसके लिए एप में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने डायट प्राचार्य, बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) और खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को ई-मेल के माध्यम से निर्देश जारी करते हुए चयनित विद्यालयों में 27 जनवरी से डीएलएड प्रशिक्षुओं द्वारा आकलन शुरू कराने को कहा है। बीएसए राजीव कुमार पाठक ने बताया कि आकलन कार्य पूरा होने के बाद डीएलएड प्रशिक्षुओं को प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा, जिसके लिए आवश्यक बजट जारी कर दिया गया है।